संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जवाहर नवोदय विद्यालय अगसौली सिकंदराराऊ की प्रवेश परीक्षा बुधवार को 17 परीक्षा केंद्रों पर होगी। परीक्षा पर्यवेक्षकों की निगरानी में होगी। जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट भी परीक्षा पर नजर रखेंगे। परीक्षा केंद्रों पर मंगलवार को परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
विद्यालय में कक्षा छह में प्रवेश के लिए बुधवार को प्रवेश परीक्षा होगी। इस परीक्षा में कक्षा पांच में अध्ययनरत माध्यमिक व बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों के बच्चे शामिल होंगे। कोरोना संक्रमण की वजह से इस बार प्रवेश परीक्षा देरी से हो रही है। बुधवार को 17 परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 11 बजे से परीक्षा आयोजित होगी।
इसमें 6772 विद्यार्थी प्रवेश परीक्षा में शामिल होंगे। इसे लेकर मंगलवार को परीक्षा केंद्रों पर तैयारियों का दौर चला। सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों की निगरानी में यह परीक्षा होगी। केंद्र व्यवस्थापकों को शुचिता पूर्वक परीक्षा कराने के निर्देश दिए गए हैं। नवोदय विद्यालय की प्रधानाचार्या रेखा शर्मा ने बताया कि सभी केंद्र प्रभारियों को परीक्षा के संबंध में सभी जानकारियां दे दी गई है। परीक्षा को शुचिता पूर्ण व नकल विहीन कराए जाने के सभी इंतजाम किए गए हैं।