सोमवार की सुबह जब युवक एंबुलेंस से पत्नी, नवजात शिशु और परिजनों को लेकर चला।रास्ते में एंबुलेंस चालक सेवा पानी के लिए पैसे मांगने लगा। इसके चलते दोनों के बीच कहासुनी हो गई। एंबुलेंस चालक उन्हें करीब दो किलो मीटर की दूरी से वापस मुरसान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले आया और केंद्र के गेट पर ही छोड़कर चला गया।
हाथरस के मुरसान में प्रसव के बाद एंबुलेंस से घर जा रही महिला और उसके परिजनों को चालक दो किलोमीटर से वापस ले आया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उतारकर चला गया। परिजनों का आरोप है कि एंबुलेंस चालक को पैसे नहीं दिए जाने पर उसने ऐसा किया। इसकी शिकायत की गई, तो चालक एंबुलेंस लेकर वापस लौटा और घर तक छोड़ कर आया।
विज्ञापन
मुरसान के गांव पीहरी निवासी बनी सिंह पुत्र फूल सिंह का कहना है कि वह मथुरा लक्ष्मी नगर, तइयापुर में रहकर मजदूरी करता है। रविवार की देर रात को उसकी पत्नी ज्योति को प्रसव पीड़ा हुई । वह पत्नी को मुरसान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले आया और उसके बेटा पैदा हुआ। सोमवार की सुबह जब वह एंबुलेंस से पत्नी, नवजात शिशु और परिजनों को लेकर चला। रास्ते में एंबुलेंस चालक सेवा पानी के लिए पैसे मांगने लगा। इसके चलते दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
बनी सिंह का आरोप है कि एंबुलेंस चालक उन्हें करीब दो किलो मीटर की दूरी से वापस मुरसान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले आया और केंद्र के गेट पर ही छोड़कर चला गया। वह कई घंटे तक जच्चा-बच्चा व परिजन सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरसान के गेट पर ही बैठा रहा। काफी देर बाद बनी सिंह ने एंबुलेंस कर्मचारी की शिकायत टॉल फ्री नंबर पर कर दी। जिसके बाद फिर से चालक एंबुलेंस लेकर आया और उन्हें मथुरा छोड़कर आया। चालक का कहना है कि एक इमरजेंसी कॉल आ गई थी, जिसके कारण मरीज को छोड़कर चला गया था, इसके बाद फिर से छोड़कर आया।