हेडिंग
टीकाकरण, कोविड जांच में तेजी लाने के निर्देश
क्रासर
कुछ ग्राम पंचायतों में टीकाकरण की स्थिति खराब पाए जाने पर डीएम ने जताई नाराजगी
संवाद न्यू्ज एजेंसी
हाथरस। 18 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियाें का कोरोना से बचाव के लिए पहली और दूसरी खुराक का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने और 15 से 18 वर्ष की आयु के किशोर और किशोरियों का भी अधिक से अधिक टीकाकरण कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी रमेश रंजन ने मंगलवार को विकास भवन के सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में डीएम ने टीकाकरण और कोविड की जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डीएम तहसील और ब्लॉक स्तर पर टीकाकरण की स्थिति के संबंध में एमओआईसी से इनकी प्रगति की जानकारी की। हसायन और महौ स्वास्थ्य केंद्रों के अंतर्गत कुछ ग्राम पंचायतों में टीकाकरण का प्रतिशत बेहद कम होने पर नाराजगी व्यक्त जताते हुए डीएम ने नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. विजेंद्र कुमार को सबसे खराब स्थिति वाली ग्राम पंचायतों में अधिक से अधिक संख्या में आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, कोटेदार, ग्राम प्रधान और पंचायत सेवकों की टीमों को लगाकर शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि टीकाकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित की जिम्मेदारी तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कोविड टीकाकरण की प्रथम खुराक पाने से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित नहीं रहना चाहिए। कोई भी ऐसा किशोर या किशोरी बिना टीकाकरण के नहीं छूटना चाहिए, जिनकी उम्र 15 से 18 वर्ष है और जिनका जन्म 2007 या उसके पूर्व हुआ है। इस आयु वर्ग के टीकाकरण के लिए एक जनवरी से ही कोविन पोर्टल पर उपलब्ध लाभार्थियों का ऑनलाइन पंजीकरण कराया जा रहा है। इसके साथ ही तीन जनवरी से निर्धारित सत्रों में भ्रमण कर भीटीकाकरण से बच्चों को आच्छादित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर में बढ़ते मामले को देखते हुए हमें बेहद सतर्कता बरतनी होगी। उन्होंने अधिकारियों को टीकाकरण एवं कोविड की जांच में तेजी लाने का निर्देश दिया। डीएम ने प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक से कहा कि प्रधानाचार्यों के माध्यम से टीकाकरण वाले दिन बच्चों की उपस्थिति शत-प्रतिशत रखना निर्धारित किया जाए और इसकी पूर्व सूचना विद्यार्थियों को दी जाए, ताकि सभी बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जा सके। सभी एसडीएम अपने स्तर पर प्रतिदिन बैठक करते हुए प्रगति रिपोर्ट प्रतिदिन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्रमोहन चतुर्वेदी से ओमिक्रॉन के लगातार बढ़ रहे संक्रमण के दृष्टिगत एल- वन और एल टू फैसिलिटी की सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जो भी आवश्यक उपकरण क्रय किए जाने हैं, उनकी सूची तैयार करते हुए पत्रावली उपलब्ध कराएं। इस अवसर पर एडीएम डॉ. बसंत अग्रवाल, एडीएम न्यायिक मोहम्मद मोइनुल इस्लाम, सीडीओ साहित्य प्रकाश मिश्र, सभी एसडीएम, प्रभारी डीआईओएस, बीएसए व अन्य अधिकारी मौजूद थे।