न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
प्रदेश में दूसरी बार भाजपा की सरकार बनने के साथ ही सिकंदराराऊ के बाशिंदों में रोडवेज बस स्टैंड के निर्माण की आस फिर से जग गई है। इसके अभाव में यात्रियों को रोडवेज बसें पकड़ने के लिए काफी मुश्किल का सामना करना पड़ता हे। हालांकि रोडवेज के अधिकारियों ने बाईपास पर गांव महामई सलावतपुर के निकट भूमि का चयन करने के बाद इसकी पैमाइश भी करा ली, लेकिन अभी तक बस स्टैंड के निर्माण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी है।
उल्लेखनीय है कि सिकंदराराऊ में रोडवेज बस स्टैंड बनाने की मांग वर्षों पुरानी है। बस स्टैंड के अभाव में यात्रियों को इधर-उधर खड़े होकर रोडवेज बसों का इंतजार करना पड़ता है। कई बार तो यहां बसें रुकती ही नहीं हैं और यात्री हाथ देते ही रह जाते हैं। अगर बस स्टैंड हो तो निश्चित रूप से बसें यहां रुककर जाएंगी और सिकंदराराऊ नगर के साथ ही आसपास के गांवों के यात्रियों का सफर आसान हो जाएगा। पूर्व में जिला प्रशासन की ओर से गांव महामई सलावतपुर के निकट बस स्टैंड के लिए भूमि का चयन किया गया था।
पैमाइश में एक हेक्टेयर से कुछ कम भूमि बस स्टैंड के लिए चिन्हित की गई। रोडवेज के अधिकारियों ने भी यह लिखकर दे दिया कि बस स्टैंड के हिसाब यह भूमि पर्याप्त है, लेकिन अभी तक यह भूमि रोडवेज के नाम ट्रांसफर ही नहीं हुई है, जिससे निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) शशी रानी का कहना है कि सिकंदराराऊ में बस स्टैंड के निर्माण का मामला शासन स्तर पर लंबित चल रहा है। संवाद