न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)।
परिजनों को बेहोश कर नकदी और गहने ले जाने वाली नई दुल्हनों का अभी तक कुछ पता नहीं चला है। पीड़ित दूल्हे भी अपनी पीड़ा खुलकर बयां नहीं कर पा रहे हैं। हालांकि पुलिस इस मामले में छानबीन कर रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में खरीद-फरोख्त का खेल हुआ है। इस कारण घटना के तथ्यों की गहनता से जांच होना जरूरी है, ताकि वास्तविकता सामने आ सके। इस मामले में पीड़ितों की तहरीर के आधार पर शनिवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। रिपोर्ट में दोनों युवतियों और बिचौलियों को आरोपी बनाया गया है।
दरअसल, कस्बा के पारस सिनेमा के रहने वाले दो सगे भाइयों की शादी 22 मार्च को बिचौलियों ने कराई थी। एक दुल्हन मुरादाबाद की तो दूसरी हल्द्वानी की निवासी बताई गई है। 23 मार्च की शाम को दुल्हनें ससुराल वालों को बेहोश कर नकदी और गहने ले गईं। इस घटना से पीड़ित का ही परिवार नहीं, आम जन भी सकते में हैं। चूंकि चर्चा है कि दोनों बहनों को मौसेरी बहन ही दुल्हन बनाकर लाई थीं, इसलिए घटना के बाद से दुल्हनों एवं बिचौलियों का कुछ अता-पता नहीं है। एसएसआई कृतपाल सिंह का कहना है कि घटना की गहनता से जांच की जा रही है। संवाद