न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पुलिस अधीक्षक ने रविवार को पुलिस निर्वाचन कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विधानसभा चुनाव की मतगणना को लेकर अधिकारी और कर्मचारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।
रविवार को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने पुलिस निर्वाचन कार्यालय का निरीक्षण कर विधानसभा चुनाव 2022 की आगामी मतगणना को सकुशल एवं निष्पक्ष संपन्न कराने की तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारी और कर्मचारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। सबसे पहले पुलिस अधीक्षक ने मतगणना को ध्यान में रखते हुए की गईं तैयारियाें एवं पुलिस बल की उपलब्धता की समीक्षा की।
उन्हें बताया गया कि जिले से करीब 58 एसआई और 462 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल तृतीय चरण के में जिले में मतदान होने के बाद चुनाव ड्यूटी के लिए गैर जनपदों में रवाना किया गया था। इस पुलिस बल ने चतुर्थ चरण में पीलीभीत व पांचवें चरण में बहराइच व छठवें चरण में बलरामपुर में सकुशल चुनाव संपन्न कराया है। सातवें चरण में पुलिस बल की ड्यूटी जौनपुर में सकुशल चुनाव कराने के लिए लगाई गई है। इसके बाद अब पुलिस बल की हाथरस वापसी होगी।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने चुनाव प्रभारी को मतगणना स्थल के इनर कार्डन/आउटर कार्डन में पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाने के लिए निर्देशित किया। मतगणना स्थल पर सिविल पुलिस, होमगार्ड, पीएसी जवानों के साथ पर्याप्त संख्या में केंद्रीय पुलिस बल की भी तैनाती की जाएगी। मतगणना स्थल के आसपास बैरिकेडिंग प्वाइंटों की समीक्षा की गई और पुलिस बल की ड्यूटी लगाने के लिए कहा गया। मतगणना के दिन यातायात व्यवस्था को सुचारु रूप से जारी रखने के लिए रूट डायवर्जन, वाहन पार्किंग व्यस्था के संबंध में भी जानकारी की गई। यातायात प्रभारी को रूट डायवर्जन कर यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से चलाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
जिले में मतगणना के दिन विशेष परिस्थितियों से निपटने के लिए लगाए जाने वाले रिजर्व पुलिस बल, क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने के लिए लगाई गईं मोबाइल पार्टियां व क्यूआरटी आदि पर लगने वाले पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों का मानक तय ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए। मतगणना स्थल की सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए पुलिस बल का अति शीघ्र ड्यूटी चार्ट, बुकलेट, ड्यूटी कार्ड आदि तैयार करने के लिए कहा। बैरियर व पुलिस चेक पोस्ट के स्थान व उन पर ड्यूटी करने वाले पुलिस बल के बारे में भी वार्ता की गई। बैठक में क्षेत्राधिकारी नगर रुचि गुप्ता, क्षेत्राधिकारी चुनाव मनोज कुमार शर्मा, क्षेत्राधिकारी कार्यालय/यातायात शैलेंद्र वाजपेयी, प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली रवींद्र कुमार दुबे, प्रभारी निरीक्षक चुनाव राकेश यादव, प्रभारी यातायात अखिलेश कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद