न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस सिटी स्टेशन और सिकंदराराऊ के बीच बस्तोई के पास मंगलवार को मरम्मत कार्य किया गया। इसके चलते इस गेट से करीब पांच घंटे तक वाहनों का आवागमन बंद रहा। वाहन चालकों को डायवर्ट रूटों से गुजरना पड़ा। राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके लिए बागला कालेज मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग के गेट को बंद कर दिया गया। इस गेट पर 40 मिनट से अधिक दोनों ओर वाहन कतार लगने के कारण लोगों को दिक्कत से जूझना पड़ा।
यह कार्य सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ। मुख्यालय गोरखपुर से आई मशीनों से यह कार्य रेलवे ट्रैक पर किया गया। ट्रैक पर लगे स्लीपरों के दोनों ओर जिस पर पटरियां बिछी हुई हैं। ट्रैक को उखाड़ कर उसे साफ करके डाला गया। यह मशीन पटरी सहित स्लीपर को उठाकर उसे दबा देती है। इससे ट्रैक ट्रेन आगमन के दौरान बैठने या क्षतिग्रस्त होने का डर नहीं रहता। यह कार्य अधिकतर बारिश के बाद ही कराया जाता है। इस कार्य के चलते दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे तक ब्लाक के चलते वाहनों का आवागमन बंद रहा। पीडब्लूआई डीके केन ने बताया मेंटेनेंस का कार्य ब्लॉक लेकर किया जा रहा है। इस दौरान ट्रेनों को काशन देकर चलाया गया।
मशीन की मदद से दो स्लीपरों के बीच दोनों ओर प्रेशर द्वारा बेलास्ट को बैठाया जा रहा है। जैसे ही मशीन बागला कॉलेज मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग के समीप पहुंची, उसे बंद कर दिया गया। यहां इस मशीन के चलते 40 मिनट तक गेट बंद रहा। गेट बंद होने से सासनी गेट और बागला कालेज मार्ग की ओर लंबी कतारों में वाहन खड़े रहे। राहगीरों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। संवाद