संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिले की 64 ग्राम पंचायतों के पंचायत सहायकों के रिक्त पदों के सापेक्ष महज जिले के एक ब्लॉक ने अपनी ग्राम पंचायतों के रिक्त पदों पर प्राप्त आवेदनों के प्रस्ताव डीपीआरओ कार्यालय में उपलब्ध कराए हैं। जबकि डीपीआरओ ने 20 जून तक सभी ग्राम पंचायतों के प्रस्तावों को कार्यालय में जमा कराए जाने के निर्देश दिए गए थे। प्रस्तावों के जिला मुख्यालय न पहुंच पाने के कारण भर्ती प्रक्रिया के तहत अग्रिम कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
जिले में लंबे समय से 64 पंचायत सहायकों के पद रिक्त चल रहे हैं। इन रिक्त पदों के सापेक्ष भर्ती किए जाने को लेकर विगत में शासन की ओर से निर्देश जारी किए गए थे। इन निर्देशों के क्रम में पंचायती राज विभाग की ओर से रिक्त पदों के सापेक्ष भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई।
ग्राम पंचायतों, ब्लॉक व जिला स्तर पर आवेदन को लिया गया है। इन आवेदनों को ग्राम पंचायतों के जरिये मेरिट लिस्ट तैयार कर जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए है, जिससे कि मेरिट के आधार पर चयन को पूर्ण किया जा सके।
इसी क्रम में डीपीआरओ सुबोध जोशी ने 20 जून तक सभी रिक्त पदों के सापेक्ष ग्राम पंचायतों के प्रस्ताव ब्लॉकों के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन महज ब्लॉक सहपऊ की ग्राम पंचायतों के प्रस्ताव ही मुख्यालय को प्राप्त हो सके हैं।
ब्लॉक स्तर से प्रस्तावों को भेजने में लापरवाही बरती जा रही है। डीपीआरओ ने बताया कि सभी एडीओ पंचायत को जल्द से जल्द प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए हैं, ताकि पंचायत सहायकों की तैनाती प्रक्रिया पूर्ण हो सकेगी।