हाथरस : तहसील में मतदाता पहचान पत्रों को मतदाताओं तक पहुंचाने के लिए लिफाफों में रखकर उन पर पता अं?
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
अब लोगों को घर बैठे ही मतदाता पहचान पत्र मिल सकेंगे। इसके लिए लखनऊ से सादाबाद तहसील पर पहुंचे मतदाता पहचान पत्रों को स्पीड पोस्ट के माध्यम से मतदाताओं के घरों तक पहुंचाया जाएगा। मंगलवार को तहसील पर कई कर्मचारी मतदाता पहचान पत्रों को निर्वाचन आयोग से आए लिफाफों में बंद कर उन पर मतदाता का पता अंकित करने में जुटे रहे, जिससे समय से यह मतदाता पहचान पत्र मतदाताओं तक पहुंच सकें।
गौरतलब हो कि हर साल बड़ी संख्या में नये मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाते हैं। मतदाताओं को वोटर आईडी कार्ड के लिए भटकना पड़ता है। पहले बीएलओ के जरिये मतदाता पहचान पत्रों को बंटवाया जाता था। ज्यादातर मतदाताओं तक पहचान पत्र पहुंच ही नहीं पाते थे। पहचान पत्र के लिए मतदाता कभी बीएलओ के चक्कर काटते थे तो कभी तहसील के चक्कर काटते रहते थे। कभी-कभी कुछ लोग कई कई बार फॉर्म भर देते थे। अमूमन मतदाताओं की शिकायत यह रहती थी कि उन्होंने मतदाता पहचान पत्र बनवा तो लिया, लेकिन मिल नहीं सका है। चुनाव निकट आते-आते इस तरह की शिकायतें अधिक हो जाती हैं।
लिहाजा अब, लखनऊ से काफी मतदाताओं के रंगीन पहचान पत्र तहसील पर पहुंच रहे हैं। इन्हें लिफाफों में बंद कर स्पीड पोस्ट के माध्यम से मतदाताओं के पास पहुंचाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। लोगों को आसानी से स्पीड पोस्ट के माध्यम से घर बैठे ही मतदाता पहचान पत्र मिल जाएगा। पहचान पत्र खोने होने की आशंका भी खत्म हो जाएगी। एसडीएम विपिन कुमार शिवहरे ने बताया कि सुरक्षित रूप से पहचान पत्र मतदाताओं के पास तक पहुंचेंगे। संवाद