संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
ट्रेन से धक्का देकर वेंडर की हत्या के मामले में जीआरपी विभिन्न पहलुओं पर जांच-पड़ताल कर रही है लेकिन अभी तक उसके साथ कुछ नहीं लगा है। जीआरपी ने मृतक की पत्नी से पूछताछ के बाद कई स्केच भी बनवाए। एक स्कैच के आधार पर एक वेंडर को हिरासत में भी लिया लेकिन मृतक की पत्नी ने उसे पहचानने से इंकार कर दिया। पुलिस ने काफी लोगों ने सीडीआर भी खंगाली है।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार की रात्रि में मथुरा-छपरा एक्सप्रेस में एक वेंडर जब अपनी पत्नी के साथ बैठकर कासगंज से मथुरा जा रहा था तो आरोप है कि एक नशेबाज ने उसकी पत्नी के साथ छेड़खानी की। यह वेंडर कासगंज शहर का रहने वाला था और मथुरा छावनी स्टेशन पर पकोड़े बेचने का काम करता था।
इसका विरोध करने पर इस नशेबाज ने इस वेंडर को ट्रेन से धक्का दे दिया। इस पर वह हाथरस सिटी स्टेशन से पहले कोमल सिटी कॉलोनी के निकट जाकर गिरा और वहां उसकी मौत हो गई। हमलावर सिटी स्टेशन पर ट्रेन के रुकने पर उतरकर भाग गया था। इस घटना के मामले की पुलिस बारीकी से जांच कर रही है।
यह बात सामने आ रही है कि वेंडर की की पत्नी ने इस वारदात की जानकारी जीआरपी से पहले अपने पति के एक मित्र जोकि वेंडर ही है, को दी। उसकी पत्नी हाथरस की बजाय मथुरा रेलवे स्टेशन पर उतरी और यहां की पुलिस की मथुरा के जरिए यह सूचना मिली।
इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ जीआरपी हाथरस ने सिटी स्टेशन थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है ले किन अभी हमलावर पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस ने काफी देर तक मृतक की पत्नी से पूछताछ की। पूछताछ के आधार पर कई स्केच भी बनवाए। एक स्केच के आधार पर आगरा निवासी एक वेंडर को हिरासत में भी लिया लेकिन मृतक की पत्नी ने उसे पहचानने से इंकार कर दिया।
पुलिस कई और लोगों से भी पूछताछ कर ही है और दबिशें भी दे रही है। जीआरपी की क्राइम ब्रांच के अलावा सर्विलांस टीम भी इसमें जुटी है। काफी लोगों के कॉल डिटेल भी निकलवाई गई हैं। जीआरपी थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस की कई टीमें वारदात के खुलासे में लगी हैं। जल्द ही घटना का राजफाश होगा।