न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विभिन्न मांगों को लेकर चार अप्रैल से छह अप्रैल तक विद्युत कर्मी और अधिकारी अवकाश पर जाएंगे। ऐसे में जिले में बिजली संकट गहरा सकता है। इन तीन दिन संविदा कर्मियों के भरोसे ही पूरी बिजली व्यवस्था रहेगी।
बिजली महकमे में वर्तमान में करीब 200 नियमित कर्मी हैं। 64 बिजलीघरों पर 600 संविदा कर्मियों की तैनाती है। नियमित व संविदा कर्मियों के सहयोग से जिले में बिजली की आपूर्ति होती है। अब तक विभागीय कर्मियों द्वारा शाम को तीन से पांच बजे तक असहयोग आंदोलन चलाया जा रहा था।
अब मांगों पर शासन स्तर पर विचार न होने के कारण विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, जेई और एसडीओ चार से छह अप्रैल तक अवकाश पर रहेंगे। इस दौरान जिले की बिजली व्यवस्था संविदा कर्मियों के भरोसे रहेगी। कार्य में अधिकारियों का हस्तक्षेप न होने के कारण उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति में बाधा का सामना करना पड़ सकता है। संवाद