संवाद न्यूज एजेंसी, सासनी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को तहसील सासनी में नवनिर्मित अग्निशमन केंद्र के प्रशासनिक भवन का लोकार्पण डिजिटल रूप में किया। अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने की। एसपी ने कहा कि अग्निशमन केंद्र के प्रशासनिक भवन का निर्माण अल्प समय में गुणवत्तापूर्वक कराया गया है।
लोकार्पण के मौके पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन एसपी विनीत जायसवाल ने फीता काटकर किया। उन्होंने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से आसपास के गांव और कस्बे के लोग लाभान्वित होंगे। आगजनी एवं अन्य दुघर्टना होने पर फायर ब्रिगेड की मदद अल्प समय में लोगों तक पहुंच पाएगी।
इस केंद्र से 115 गांव और 200 औद्योगिक इकाइयां लाभान्वित होंगी। इस केंद्र के लिए एक एफएसओ, एक एएसआई सहित 26 कर्मियों के स्टाफ की तैनाती स्वीकृत की गई है। एसपी ने सभी आगंतुकों का आभार जताया।
कार्यक्रम में अग्निशमन अधिकारी अरविंद कुमार, एसडीएम अंजलि गंगवार, कन्या गरुकुल की मुख्य अधिष्ठात्री डॉ. पवित्रा विद्यालंकार, नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष सासनी लालता प्रसाद, ब्लॉक प्रमुख पति दिनेश माहौर, ध्रुव शर्मा, अविनाश तिवारी, हरीशंकर वार्ष्णेय, देवेंद्र मोहता, प्रदीप कुमार गोयल, बांकेबिहारी, अमित बंसल, विपुल लुहाड़िया, ज्ञानेंद्र शर्मा एडवोकेट, कोमल सिंह तोमर, अर्चित गौतम, दीपेश वर्मा आदि मौजूद थे।