संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कोरोना संक्रमण के बीच अब स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत देखने के लिए टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं। बृहस्पतिवार को केंद्र के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिले के महिला अस्पताल सहित तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर हकीकत परखी।
केंद्र सरकार के द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के जरिये हर साल करोड़ों रुपये का बजट प्रदेश को योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए दिया जाता है। समय-समय पर केंद्र सरकार की स्वास्थ्य विभाग की टीमों के द्वारा संचालित योजनाओं की हकीकत स्वास्थ्य केंद्रों पर आकर देखी जाती है।
बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की चार सदस्यीय टीम ने योजनाओं की जानकारी ली। टीम सीएमओ कार्यालय पहुंची। यहां पर बैठक हुई। उसके बाद दो सदस्यीय टीम ने जिला महिला अस्पताल के अलावा सीएचसी सासनी और सब सेंटर बसई काजी का निरीक्षण किया।
टीम ने एनएचएम के तहत संचालित योजनाओं की जानकारी हासिल की। जिला महिला अस्पताल के निरीक्षण में सीएमएस डॉ. रूपेंद्र गोयल के अलावा अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।