न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
नगर पंचायत मेंडू अध्यक्ष मनोहर सिंह आर्य द्वारा शिष्टाचार व्यय के रूप में फर्जी बिल बाउचर बनवाकर संबंधित फर्मों को लाखों रुपये का भुगतान करने की शिकायत नागरिक कल्याण भ्रष्टाचार एवं अपराध निवारण समिति के राष्टीय महासचिव अजय कुमार शर्मा द्वारा की गई। शिकायत में गबन की पुष्टि होने पर शासन ने नगर पंचायत मेंडू अध्यक्ष से डीएम के माध्यम से स्पष्टीकरण तलब किया है।
उल्लेखनीय है कि शिकायतकर्ता अजय कुमार शर्मा द्वारा नगर पंचायत मेंडू के अध्यक्ष द्वारा अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अपने निजी बैंक खाते में जमा कराकर लाखों रुपये के गबन की शिकायत जिला प्रशासन से की गई थी। शिकायत में शिष्टाचार व्यय के रूप में फर्जी बिल बाउचर बनवाकर संबंधित फर्मों को चेक के जरिये भुगतान की जानकारी दी गई।
इसकी जांच एडीएम द्वारा की गई। जांच में गबन की पुष्टि हुई। इस मामले में कार्रवाई के लिए शासन को भी पत्रावली भेजी गई। शासन ने निर्देश देते हुए कहा कि कि यह नोटिस प्राप्त होने के 15 दिन के अंदर इस संबंध में नगर पंचायत मेंडू अध्यक्ष अपना स्पष्टीकरण डीएम के माध्यम से शासन को प्रस्तुत करें, अन्यथा कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। संवाद