छेड़छाड़ से तंग एक किशोरी ने दो दिन पहले घर में फांसी लगाकर खुदकुशी की कोशिश की। हालांकि परिजनों ने उसे बचा लिया। इस मामले में किशोरी के पिता की शिकायत पर सदर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे दबोच लिया है।
पुलिस का कहना है कि किशोरी के गांव का ही रहने वाला आरोपी सोहेल बीते कई दिनों से किशोरी को परेशान कर रहा था। वह आए-दिन उसे छेड़कर तंग कर रहा था। आरोपी के डर से किशोरी ने स्कूल जाना भी बंद कर दिया था। आरोपी ने 18 अगस्त को भी किशोरी के साथ अश्लील हरकत की।
इससे परेशान किशोरी ने एक बार खुदकुशी की कोशिश की थी। पुलिस ने दलित किशोरी के पिता की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध छेड़छाड़ के आरोप में पॉक्सो अधिनियम व हरिजन एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने रविवार शाम मुकदमा दर्ज करने के कुछ ही देर बाद आरोपी सोहेल को गिरफ्तार भी कर लिया।