सादाबाद (हाथरस)। बाइक सवार बदमाशों ने बुधवार को दिन-दहाड़े तमंचाें के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। उन्हाेंने दोपहर कोे बाइक सवार व्यापारी से मथुरा रोड पर गांव मंस्या के निकट हथियारों के बल पर रुपये से भरा बैग लूट लिया। इसमें करीब एक लाख रुपये थे। दो दिन के भीतर दिन दहाड़े हुई लूट की यह दूसरी वारदात है। घटना की सूचना मिलने पर एसपी डॉ.अजयपाल समेत आला अफसर मौके पर पहुंच गए। अब तक की जांच में पुलिस के हाथ कुछ खास नहीं लगा है।
बताते हैं कि डाकघर रोड निवासी व्यापारी जतिन पुत्र देवेंद्र अग्रवाल बुधवार की दोपहर कस्बा बिसावर से तगादा करके लौट रहे थे। वह जनरल मर्चेंट का कारोबार करते हैं। दोपहर करीब डेढ़ बजे अपनी बाइक से वह जैसे ही ग्राम मंस्या के करीब पहुंचे, पीछे से एक काले रंग की बिना नंबर की पल्सर बाइक पर सवार नकाबपोश बदमाश आए और उनकी बाइक को लात मारकर गिरा दिया। इसके बाद वे व्यपारी को तमंचे दिखाकर रुपयों से भरा बैग, एक मोबाइल लूट कर सादाबाद की ओर भाग गए।
जतिन के अनुसार ,वह बिसावर से तगादा करके लौट रहे थे। उनके थैले में उगाही के लगभग एक लाख रुपये था। सभी बदमाश मुंह ढके हुए थे। बाइक गिराने से उनके पैर में चोट आई है। उन्हाेंने बताया कि जब उनके साथ लूट-पाट हो रही थी। एक प्राइवेट बस उनके पास आकर रुकी, लेकिन बदमाशों के तमंचे के सामने कोई भी यात्री हिम्मत नहीं जुटा सका। वारदात के बाद इसकी जानकारी स्थानीय थाना पुलिस को दी गई। जिसपर पुलिस अधीक्षक डॉ.अजयपाल भी मौके पर पहुंच गए।
दूसरी वारदात से पुलिस को चुनौती
सादाबाद। सोमवार को बेखौफ बदमाशों ने सहपऊ रोड पर तांगे मे सामान लदवाकर ले जा रहे एक वृद्ध का 42 हजार रुपयों से भरा बैग लूट लिया था। थाना क्षेत्र के तहत पिछले एक माह में लूट की करीब आधा दर्जन घटनाएं घटित हो चुकी हैं। लुटेरे अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। लुटेरों का दुस्साहस देखकर लगता है जैसे उन्हें पुलिस का कोई खौफ नहीं।
आज दस घंटे ठप रहेगी बिजली
हाथरस। शहर के औद्योगिक आस्थान फीडर की बिजली बुधवार को सुबह नौ से रात सात बजे तक ठप रहेगी। फीडर पर पांच एमवीए का नया परिवर्तक लगाने का काम किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए अवर अभियंता तेजपाल सिंह ने उपभोक्ताओं से इस अवधि में बिजली-पानी के वैकल्पिक इंतजाम रखते हुए सहयोग देने की अपील की है।