कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपने पड़ोसी रिटायर्ड फौजी पर घर में अकेला देखकर छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर परिजनों से मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता के मुताबिक आरोपी गजेंद्र फौजी उसका पड़ोसी है और उसका पूरे मोहल्ले में आतंक है। वह अक्सर नशे में रहता है। 25 मई की दोपहर महिला घर में अपनी चार साल की बेटी के साथ मौजूद थी। उसकी सास पड़ोस में गई हुई थीं। आरोप है कि नशे में धुत गजेंद्र पीड़िता के घर में घुस आया और उसे पकड़ लिया।
आरोपी ने पीड़िता के साथ अश्लील हरकत की। पीड़िता ने शोर मचाया तो उसकी सास और पड़ोस में रहने वाले दूसरे लोग आ गए। लोगों के विरोध करने पर आरोपी ने पीड़ित महिला, उसकी सास और दूसरी महिलाओं के साथ जमकर मारपीट की। इस मारपीट में महिलाएं घायल हो गईं। जब तक मोहल्ले के दूसरे लोग इकट्ठे हो पाते, आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला। पीड़िता के मुताबिक आरोपी के पास लाइसेंसी बंदूक है। वह अक्सर अपनी बंदूक निकालकर लोगों को धमकाता-डराता है। बंदूक से मारने की धमकी देता है। मोहल्ले में आरोपी का आतंक है।