सहपऊ। क्षेत्र के गांव भुकलारा निवासी पूर्व प्रधान के पुत्र की ट्रेन की चपेट में आकर दर्दनाक मौत हो गई। युवक घर से खाना खाकर खेतों में पानी लगा रहे अपने भाई का हाथ बंटाने जा रहा था। युवक की सात माह पूर्व ही शादी हुई थी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उसकी बहनें और पत्नी मौत की खबर मिलते ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेज दिया है।
गांव भुकलारा निवासी करन सिंह पूर्व प्रधान के पुत्र भगवान सिंह उर्फ भानु उम्र (22 वर्ष) और उससे छोटा पुत्र सुबोध कुमार (17 वर्ष) शुक्रवार की सुबह रेलवे लाइन से क्रास कर खेतों में पानी लगाने गए थे। कुछ देर बाद भानु घर पर आया एवं खाना खाने के बाद पुन: खेतों में पानी लगाने चल दिया। रास्ते में पड़ने वाली रेलवे लाइन को क्रॉस करने से पहले दिल्ली की ओर जाने वाले एक ट्रेन आ गई। वह वहां रेलवे लाइन के पास खड़ा होकर ट्रेन गुजरने का इंतजार करने लगा।
ट्रेन के गुजरते ही उसने रेलवे लाइन क्रॉस की। अचानक उसी समय दिल्ली की ओर से एक मालगाड़ी आ गई। वह मालगाड़ी के इंजन की चपेट में आ गया। मालगाड़ी के इंजन की चपेट में आने पर इंजन ने उसे काफी दूर फेंक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसकी बहनें एवं पत्नी उसकी मौत की सूचना पर बार-बार बेहोश हो रही थीं। घटनास्थल पर देखने वालों की काफी भीड़ जमा हो गई थी। कुछ ग्रामीणों का कहना था कि युवक को कानों से कुछ कम सुनाई देता था।