रंग फैक्ट्री में कंप्रेशर पाइप फटने से झुलसी महिला और बच्चे, उपचार के बाद घर जाते हुए।
- फोटो : Amar Ujala
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में इंडस्ट्रियल एरिया की एक रंग फैक्ट्री में शनिवार दोपहर करीब बारह बजे को उस समय बड़ा हादसा होने से बच गया, जब फैक्ट्री के कंप्रेशर का पाइप धमाके के साथ फट गया। हादसे में दो महिलाओं और दो बच्चों सहित चार लोग घायल हुए हैं। उनको उपचार के लिए बागला जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थिति सामान्य होने के बाद इन सभी को उपचार के बाद परिजन घर ले गए।
शहर के अलीगढ़ रोड स्थित भारत इंडस्ट्रीज के नाम से रंग बनाने की फैक्ट्री है। इस रंग में आवश्यकता के अनुसार केमिकल का उपयोग होता है, जिसके लिए कंप्रेशर लगा हुआ है। शनिवार दोपहर को अचानक तेज धमाके के साथ फैक्ट्री के कंप्रेशर का पाइप फट गया। हादसे में मोहिनी देवी (40) पत्नी शंकरलाल निवासी इंडस्ट्रियल एरिया एवं सोनम पत्नी आशीष कुमार एवं उनका आठ माह का बेटा राजेश और चार वर्ष की बेटी गुलशन के ऊपर केमिकल के छींटे आ गए, जिससे यह चारों घायल हो गए हैं। घायलों के अलावा कुछ और मजदूरों के परिवार इसी फैक्ट्री परिसर में रहते हैं। जिस समय यह दुर्घटना हुई, घायल बच्चे वहीं खेल रहे थे और महिलाएं भी वहीं मौजूद थीं।
इन घायलों को उपचार के लिए बागला जिला अस्पताल उपचार के लिए लाया गया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरी घटना की छानबीन की। इसके बाद इन बच्चों और महिलाओं के परिजन भी जिला अस्पताल आ गए। उपचार के बाद वह इनको घर ले गए। कोतवाली हाथरस गेट प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि कंप्रेशर का पाइप फटा था। मौके पर जाकर घटना को देखा गया है। घायलों के परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर विधिवत रूप से कार्रवाई होगी।