न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। एक बीमार युवक को इलाज की बेहद दरकार है लेकिन उसका इलाज नहीं हो पा रहा। उसके परिजन पिछले कई साल से सरकारी दफ्तरोें से चक्कर काट रहे हैं लेकिन उन्हें सिवाय आश्वासन के कुछ नहीं मिल रहा। अब इस पीड़ित युवक ने राष्ट्रपति को पत्र भेजकर इच्छामृत्यु मांगी है।
गांव कछपुरा निवासी वीपी सिंह कई साल पहले मजदूरी करते समय चोटिल हो गया था। दुर्घटना में उसकी रीढ़ की हड्डी टूट गई थी। उसने इलाज के लिए अस्पतालों के काफी चक्कर लगाए लेकिन आपरेशन व खर्चे के चलते उसका सही उपचार नहीं हो सका और तब से वह बेहद लाचारी की हालत में है।
उसकी मांग इंद्रादेवी ने भी लगातार डीएम ऑफिस से लेकर सीएमओ ऑफिस तक के चक्कर लगाए लेकिन उसे कोई आर्थिक सहायता नहीं मिली। अब उक्त पीड़ित और उसका परिवार सिस्टम की बेरुखी से बेहद टूट चुका है। ऐसे में वीपी सिंह ने राष्ट्रपति को पत्र भेजा है। इसमें उसने इच्छामृत्यु की मांग की है। पत्र मे उसने कहा है कि शासन-प्रशासन उसकी कोई मदद नहीं कर रहा। ऐसे में सिवाय इच्छामृत्यु के उस पर कोई चारा नहीं है। इसलिए उसे इसकी अनुमति दे दी जाए।