बेहंदर। कासिमपुर थाना क्षेत्र के गौसगंज गांव में खाना खाने के बाद पैदल टहल रहे युवक को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। घटना में युवक की मौत हो गई।
गौसगंज के मोहल्ला मिश्राना निवासी आनंद शुक्ला (35) पिकअप चलाता था। रविवार रात लगभग साढ़े नौ बजे घर में खाना खाने के बाद कछौना मार्ग पर पैदल टहल रहा था। उसके साथ पड़ोस में ही रहनेवाला मानसिंह भी था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आए बाइक सवार ने आनंद को टक्कर मार दी। आनंद गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे लेकर मल्लावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गए। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिवार में पत्नी अंजू देवी और तीन पुत्र हैं। मल्लावां पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कासिमपुर थानाध्यक्ष रामलखन ने बताया कि घटना की जानकारी है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।