हरदोई। रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार की शाम रेलवे ट्रैक पार करते समय युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
शहर कोतवाली क्षेेत्र के ग्राम चंदीपुरवा निवासी शरद त्रिपाठी (38) गुरुवार की देर शाम स्थानीय रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे ट्रैक पार रहे थे। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आ गए। ट्रेन से कटकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
उधर से गुजरे यात्रियों ने शव पड़ा देख जीआरपी को सूचना दी। इस पर जीआरपी ने शव कब्जे में लिया। तलाशी के दौरान जेब में मिले दस्तावेजों के आधार पर शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर परिजन भी आ गए। घटना के बारे में परिजन कुछ नहीं बोल रहे हैं। जीआरपी ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। एसआई उधम सिंह ने बताया कि रेलवे ट्रैक पार करते समय युवक की जान गई है। परिजनों से पूछताछ कर कार्रवाई की जाएगी।