हरदोई। पाली थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित कपड़े की दुकान से चोरों ने बृहस्पतिवार को रात हजारों रुपये का सामान चुरा लिया। शुक्रवार को चोरी की जानकारी होने पर व्यापारियों ने नाराजगी जताते हुए आरोपी की पहचान कर सामान की बरामदगी व कार्रवाई की मांग की है।
पाली थाने से 200 मीटर दूरी पर स्थित नगर के मुख्यमार्ग पर मोहल्ला सराय सैफ निवासी विजय कुमार की रेडीमेड की दुकान है। बृहस्पतिवार को रात चोर ने उसके खोखे के नीचे से तख्ती तोड़ कर अंदर से रेडीमेड का सामान चोरी कर लिया।
शुक्रवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचा तो जानकारी हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ताल की। दूसरे दुकानदार अजीत गुप्ता ने बताया कि इससे पहले चोर 17 मार्च, 18 मार्च और 30 मार्च की रात कई दुकानों को निशाना बना चुके हैं।
व्यापारियों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठाए हैं। थानाध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।