हरदोई। कटरी के इलाके के लोगों को इस बार कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए फर्रुखाबाद जाने को जान जोखिम में डालनी होगी। अर्जुनपुर में रामगंगा नदी पर इस बार पैंटून पुल (पीपे का पुल) नहीं बनाया जा सका है। पुल में लगने वाले अधिकांश पीपे जर्जर होने से ऐसी स्थिति सामने आई है। क्षेत्रीय विधायक के निर्देश पर महकमा वैकल्पिक व्यवस्था कर रहा है, लेकिन यह व्यवस्था कार्तिक पूर्णिमा से पहले पूरी होने की उम्मीद विभागीय अधिकारियों को भी नहीं है।
कटरी के इलाके में अर्जुनपुर के निकट रामगंगा नदी बहती है। इस नदी पर 15 अक्तूबर से 15 जून तक पैंटून पुल बांधा जाता है। इस पुल के जरिये ही स्थानीय लोग पड़ोसी जनपद फर्रुखाबाद और पुल के दूसरी ओर बसे जनपद के गांवों तक पहुंचते हैं। बड़ी संख्या में कटियारी के बाशिंदे कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने के लिए रामगंगा नदी को पार कर फर्रुखाबाद के पांचाल घाट जाते हैं। पैंटून पुल से ही श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रालियां व अन्य वाहन निकलते हैं।
इस बार अभी तक अर्जुनपुर में पैंटून पुल का निर्माण ही नहीं हुआ है। ऐसे में स्थानीय श्रद्धालुओं को गंगा स्नान के लिए फर्रुखाबाद जाने को लंबा चक्कर काटना पड़ेगा। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों व अन्य चौपहिया वाहनों से अर्जुनपुर के पुल से आवागमन करने वाले लोगों को इस बार लगभग 60 किलोमीटर का चक्कर काटना पड़ेगा। हालांकि रामगंगा में बीते दिनों ही एक नई नाव की व्यवस्था कराई गई है, जिससे बाइक सवार अपनी बाइक समेत नदी के पार उतर जाते हैं।
पीपे हो गए जर्जर, इसलिए नहीं बन पाया पुल
अर्जुनपुर में पैंटून पुल बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले पीपे जर्जर होने के कारण पुल नहीं बनाया जा सका। लोक निर्माण विभाग के खंड-1 के सहायक अभियंता सर्वानंद तिवारी ने बताया कि पीपे उन्नाव से मंगवाए गए हैं। एक-दो दिन में पीपे आ जाएंगे और पुल का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि 15 नवंबर तक पैंटून पुल का निर्माण हो जाएगा।
नाव दिलवा दी है, कोशिश कर रहे जल्दी बने पुल
सवायजपुर से भाजपा विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने कहा कि पूरा मामला संज्ञान में है। पीपे की व्यवस्था उच्चाधिकारियों से कहकर करा दी गई है। पैंटून पुल के निर्माण में विलंब होने की जानकारी पर आवागमन के लिए नई नाव भी दिलवा दी गई है। उन्होंने कहा कि अर्जुनपुर में पक्के पुल का निर्माण कराने के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं और बजट की मंजूरी का प्रस्ताव अंतिम चरण में है।