हरदोई के देहात कोतवाली क्षेत्र के लालतापुरवा में हुई हत्या का खुलासा
- फोटो : amar ujala
हरदोई में देहात कोतवाली क्षेत्र के लालतापुरवा में दुकानदार की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। दुकानदार की हत्या पत्नी ने अपने प्रेमी (ममेरे देवर) और उसके साथियों के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई देशी पिस्टल और चाकू के साथ मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार किए गए लोगों में दो किशोर भी शामिल हैं। खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा एसपी ने की है। मूल रूप से शाहजहांपुर जनपद के जलालाबाद कस्बा के मोहल्ला प्रतापनगर निवासी मनोज कुमार पटवा (40) की ससुराल हरदोई जनपद के देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लालतापुरवा में है।
मनोज अपनी पत्नी रुचि और दो बच्चों के साथ यहीं रहता था और रेलवेगंज में विसातखाना की दुकान चलाता था। 24 अक्टूबर को आधीरात के बाद लगभग दो बजे मनोज की हत्या कर दी गई थी। चाकू से एक दर्जन से अधिक वार करने के बाद उसके तीन गोलियां भी मारी गई थीं। मृतक की पत्नी रुचि ने अपने सगे जेठ राकेश, करीबी रिश्तेदार दिलीप और राजीव निवासीगण मोहल्ला प्रतापनगर कस्बा जलालाबाद जनपद शाहजहांपुर के विरुद्ध संपत्ति विवाद में हत्या किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
घटना का खुलासा करने के लिए एसपी अजय कुमार ने सीओ सिटी विकास जायसवाल के नेतृत्व में टीम लगाई थीं। शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में एसपी अजय कुमार ने बताया कि विवेचना के दौरान कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले, जिनके आधार पर गुरुवार रात शाहजहांपुर मार्ग पर मुखबिर की सूचना पर शिवम निवासी विकास कुंज निकट राधाकृष्ण मंदिर इंदिरापुरी थाना लोनी जनपद गाजियाबाद, उसके एक छोटे भाई और एक साथी को पकड़ा गया।
इन लोगों से पूछताछ हुई तो पूरी घटना खुल गई। एसपी ने बताया कि शिवम और मनोज ममेरे भाई हैें। शिवम की बहन के साथ मनोज के पे्रम संबंध थे। फरवरी में शिवम की बहन की बीमारी से मौत हो गई थी। उधर दूसरी ओर मनोज की पत्नी रुचि से शिवम के प्रेम संबंध थे। शिवम जहां एक ओर अपनी बहन से संंबंधों का बदला मनोज से लेना चाहता था, वहीं रुचि भी मनोज को रास्ते से हटाकर शिवम के साथ रहना चाहती थी।
इसके चलते दोनों ने साजिश रची और दो लोगों के साथ मिलकर मनोज की हत्या कर दी। एसपी ने बताया कि रुचि और शिवम को जेल भेजा गया है, जबकि दोनों किशोर आरोपियों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। एसपी ने खुलासा करने वाली टीम को २५ हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।