डॉ. रमन सिंह
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ न सिर्फ भाजपा शासित राज्यों बल्कि पूरे देश के नंबर वन मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने चुनौतीपूर्ण प्रदेश को हर मोर्चे पर बेहतरीन ढंग से संभाला है।
निजी यात्रा पर नैमिषारण्य के रास्ते हरदोई आए छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि वह पिछले दो दिनों से प्रदेश में हैं।
पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं, आम लोगों और मीडिया के जरिए उत्तर प्रदेश सरकार के कार्यों का पता चला। जो अनुभव और फीडबैक मिला उससे यह तय है कि अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में फिर से यहां भाजपा की सरकार बनेगी और योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बनेंगे।
उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने जब उत्तर प्रदेश की बागडोर संभाली थी तो यहां अर्थ व्यवस्था से लेकर विकास कार्यों तक की स्थिति चुनौतीपूर्ण थी। कानून व्यवस्था को लेकर अधिक बड़ी चुनौती थी, लेकिन योगी आदित्यनाथ ने विकास, कानून व्यवस्था के मामले पर बेहतरीन कार्य करते हुए सफलता पाई।