बेहटागोकुल। थाना क्षेत्र के टोडरपुर रेलवे स्टेशन के निकट रविवार सुबह ट्रैक पर एक शव पड़े होने की सूचना स्टेशन मास्टर ने पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक की पहचान कर उसके परिजनों को सूचना दी।
प्रभारी थानाध्यक्ष हरिशंकर वर्मा ने बताया कि सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों की छानबीन में युवक के पास एक मोबाइल मिला। इसकी डायल सूची के नंबर पर फोन किया गया, तो पता चला कि युवक जितेंद्र कुमार (27) निवासी ग्राम समौता कोचस बिहार है।
वह 15 अप्रैल को घर से जयपुर के लिए निकला था। जयपुर में वह चप्पल जूते बनाने का काम करता था। परिजनों ने बताया मृतक चार भाइयों में दूसरे नंबर का था।
इसके साथ ही वह दिव्यांग था और अविवाहित था। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस ने युवक के ट्रेन से गिरकर मौत होने की आशंका जताई है। बताया कि परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।