हरदोई। गन्ना किसानों के लिए राहत भरी खबर है। जनपद में संचालित तीनों चीनी मिलों ने 13 नवंबर तक खरीदे गए गन्ने का भुगतान जारी कर दिया है। सभी संबंधित किसानों के बैंक खातों में कुल 80 करोड़ 17 लाख 85 हजार रुपये का भुगतान किया गया है।
जनपद में लगभग एक लाख किसान 78 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में गन्ने की खेती करते हैं। जिले में तीन चीनी मिलें, हरियावां, लोनी और रूपापुर में संचालित हैं। अधिकांश किसान इन मिलों में ही गन्ना बेचते हैं। कुछ किसान प्राइवेट कोल्हू (क्रशर) पर भी गन्ना बेच देते हैं, लेकिन सरकार से निर्धारित समर्थन मूल्य चीनी मिल में गन्ना बेचने पर ही मिलता है। इस बार गन्ने का समर्थन मूल्य 350 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। जनपद में तीनों चीनी मिलों ने 21 नवंबर तक कुल 44.36 लाख क्विंटल गन्ने की खरीद की है।
इसके सापेक्ष 13 नवंबर तक खरीदे गए गन्ने का भुगतान कर दिया गया है। जिला गन्ना अधिकारी सना ऑफरीन ने बताया कि रूपापुर चीनी मिल ने आठ करोड़ 47 लाख 44 हजार रुपये का भुगतान कर दिया है, जबकि लोनी चीनी मिल ने 26 करोड़ 81 लाख 59 हजार रुपये का भुगतान किसानों के खाते में भेज दिया है।
इसी तरह हरियावां चीनी मिल ने भी 44 करोड़ 88 लाख 82 हजार रुपये का भुगतान किसानों को किया है। जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि आम तौर पर खरीद के 14 दिन के अंदर चीनी मिलों को भुगतान करना चाहिए। इस बार इससे भी कम अंतर पर खरीदे गए गन्ने का भुगतान कर दिया गया है।