हरदोई। दिवाली पर म्यूजिकल वार जहां सीटी बजाकर लोगों को रोमांचित करेगी, वहीं अनार डांस कर लोगों का उत्साह बढ़ाएगा। आईटीआई ग्राउंड पर पटाखा बाजार है।
मोहल्ला वैटगंज निवासी अधिकृत विक्रेता सुमित कुमार गुप्ता सोनू, अमित कुमार गुप्ता संजू ने बताया कि तमिलनाडु से पटाखों के ब्रांड ने इस जिले में काफी हद तक पहुंच बनाई है। इस बार नयापन है जो लोगों को लुभाएगा। हाईफाई नाम की आतिशबाजी भी खूब धूम मचाएगी जो कि आसमान में गुच्छों के रूप में अलग अलग रंगों में बंटकर लोगों को लुभाएगी।
डांसिंग अनार की डिमांड खूब है जो जमीन पर सात से आठ चरखियां निकलेगा तो म्यूजिकल वार के नाम से चटाई सीटी आई है जो कानों को भड़ाम की आवाज नहीं बल्कि सीटियां सुनवाएंगी। फुलझड़ी नयापन लेकर आएगी जो खासकर बच्चों व महिलाओं को लुभाएगी। यह पकलिंग के साथ अलग-अलग रंगों में जलेगी। इसके अलावा 15 हजार चटाई, अनार , चर्खी, राकेट बम आदि पटाखों की धूम हमेशा की तरह इस बार भी मचने की पूरी उम्मीद है।
पांच करोड़ से ज्यादा का सजता पटाखा बाजार
शहर में ही सीएसएन महाविद्यालय या आईटीआई में 100 से अधिक दुकानें लगती हैं। इसके अलावा शाहाबाद, पिहानी, सांडी, संडीला, बिलग्राम, माधौगंज व मल्लावां क्षेत्र में भी अच्छी बाजार पटाखों की सजती है इन सब पर कुल मिलाकर पांच करोड़ से अधिक पटाखों की बिक्री हो जाती है।
पटाखों की आवाज, धुआं कर देता बीमार
चिकित्सक सीपी कटियार का कहना है कि तेज पटाखों से घबराहट होती है। चिड़चिड़ापन बढ़ जाता है। नींद में कमी आने लगती है। ब्लड प्रेशर की शिकायत भी रहने लगती है। मानसिक क्षमता में कमी के साथ साथ बहरेपन की संभावना भी बढ़ जाती है। पटाखों के धुएं से सबसे ज्यादा दमा के मरीजों को प्रभाव पड़ता है। इससे अल्सर आदि की बीमारियां बढ़ जाती है।
डॉ. अजय सिंह ने बताया कि हवा में हानिकारक कार्बन, सल्फर डाई आक्साइड, कार्बन मोनो डाईक्साइड, सस्पेंटेंड पार्टिकुलेट मैटर जैसे तत्व फैल जाते हैं। इसके अलावा हानिकारक गैसें भी निकलती हैं। जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होती हैं। पटाखों का उपयोग जितना कम हो उतना अच्छा।
आईटीआई में सज गया पटाखा बाजार
हरदोई। शहर के पटाखों के शौकीनों को सीएसएन परिसर में ही नहीं बल्कि आईटीआई परिसर में आतिशबाजी की खरीद करने का मौका मिल सकेगा। जिला प्रशासन ने आईटीआई परिसर में दुकानें लगाने की अनुमति प्रदान की गई है जिसके बाद बुधवार को दुकानें सज भी गईं हैं।
सीओ सिटी विकास जायसवाल व सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. सदानंद गुप्ता ने बुधवार की सुबह लखनऊ चुंगी स्थित आईटीआई परिसर का निरीक्षण किया सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि आईटीआई में दुकानें लगाई गईं हैं। अब तक जिले मेें 153 लाइसेंस जारी किए गए हैं। इन दुकानों पर दिवाली को लेकर बिक्री भी शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि सभी दुकानदारों को टीन लगाकर दुकानें लगाने एवं आग पर काबू पाने के संसाधन साथ में रखने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।