राज्यस्तरीय आईसीटी प्रतियोगिता में चयनित माध्यमिक शिक्षक विवेक कुमार श्रीवास्तव। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा चतुर्थ राज्य स्तरीय आईसीटी आधारित कक्षा शिक्षण प्रतियोगिता में चयन कराकर जिले के शिक्षक विवेक श्रीवास्तव ने न सिर्फ अपना बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है।
प्रतियोगिता का आयोजन पहले प्रदेश के सभी जनपदों में किया गया और प्रत्येक जनपद से दो शिक्षकों (एक पुरुष एवं एक महिला) का चयन जिला स्तरीय चयन समिति के द्वारा चयनित करके राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए परिषद कार्यालय को भेजे गए। इसमें प्रथम चरण में बीजीआरएम इंटर कॉलेज बिलग्राम के सहायक अध्यापक विवेक श्रीवास्तव और कम्पोजिट विद्यालय बावन की सहायक अध्यापिका शबीना खान का नाम शामिल था। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 10 अगस्त से 14 अगस्त के मध्य कोविड-19 के कारण सोशल डिस्टेंसिग को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन मूड गूगल मीट एप के माध्यम से कराया गया। इसमें जनपद स्तर से चयनित प्रतिभागियों द्वारा कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आईसीटी एवं नवीन तकनीकी विधाओं के माध्यम से प्रस्तुतीकरण किया गया। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल के सदस्यों द्वारा प्रतिभागियों के प्रस्तुतीकरण के आधार पर मूल्यांकन किया गया। प्रस्तुतीकरण और मूल्यांकन के आधार पर जिले के विवेक कुमार श्रीवास्तव का चयन किया गया।