हरपालपुर के अलीगंज-ननखेरियां में न्यू पीएचसी के गेट में लगा ताला। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरपालपुर। कटरी इलाके में अलीगंज ननखेरिया गांव में बने न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में अव्यवस्था हावी है। पीएचसी में डॉक्टर की तैनाती न होने से ग्रामीणों को उपचार नहीं मिल पा रहा है। फार्मासिस्ट व वार्ड ब्वाय हफ्ते में दो बार ही पीएचसी पहुंचते हैं तभी यहां के बाशिंदों को दवाएं उपलब्ध हो पाती हैं। जबकि पांच दिन ताला लगा रहता है। ऐसे में ग्रामीणों को इलाज के लिए हरपालपुर-फर्रुखाबाद की दौड़ लगानी पड़ रही है।
हरपालपुर ब्लॉक के ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कहने को तो ब्लॉक के अलीगंज ननखेरिया गांव में न्यू पीएचसी संचालित हैं। जिसमें छह बेड की व्यवस्था है।
इसके अलावा एक फार्मासिस्ट, एक वार्ड ब्वाय व स्वीपर की तैनाती है। डॉक्टर की तैनाती न होने से मरीजों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। मरीजों को इलाज मिलना मुश्किल हो रहा है। आलम यह है कि पीएचसी हफ्ते में मंगलवार व शुक्रवार को खुल रही है। इन दिनों में फार्मासिस्ट व वार्ड ब्वाय ड्यूटी पर आकर पीएचसी में आने वाले मरीजों को दवाएं दे जाते हैं। अन्य दिन ग्रामीण 40 किलोमीटर दूरी तय कर फर्रुखाबाद या हरपालपुर इलाज कराने जा रहे हैं।
पीएचसी में डॉक्टर की तैनाती नहीं है। अगर वहां पर तैनात अन्य स्टाफ नहीं जा रहा है, तो इसकी जानकारी कराई जाएगी। जिसके बाद जल्द ही व्यवस्था दुरुस्त कर पीएचसी का संचालन सुचारु रूप से कराया जाएगा - अमित कुमार (सीएचसी प्रभारी हरपालपुर)