कछौना। कामीपुर गांव में जनसेवा केंद्र संचालक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। पिता ने पुत्र को जहरीला पदार्थ देने का आरोप लगाया है। मंगलवार रात करीब 10 बजे से किराए के मकान के मुख्य द्वार पर गंभीर हालत में पड़ा मिला था।
कामीपुर निवासी संदीप (28) गांव में ही जनसेवा केंद्र संचालित करते थे। मृतक के पिता रामपाल ने बताया कि जनसेवा केंद्र संचालक के कारण ही संदीप कामीपुर मोड़ पर सोनिया नामक महिला के मकान में किराए पर अकेले रहता था।
मंगलवार रात करीब 10:30 बजे जानकारी दी गई कि संदीप की मकान के गेट में करंट आ जाने से मौत हो गई है। जब वह पहुंचे तो संदीप किराए के मकान के मुख्य द्वार पर पड़ा मिला। आनन-फानन में परिजन लखनऊ ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि तभी संदीप की मौत हो गई l
रामपाल ने बताया कि संदीप के शरीर पर करंट लगने से जलने का कोई निशान नहीं था। आरोप लगाया कि पुत्र को जहर देकर मारा गया है। बताया कि संदीप के कमरे मेंं शराब की बोतल और नमकीन आदि मिली है। कोतवाल राकेश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।