पचदेवरा। थाना क्षेत्र के ग्राम कौंधी में रविवार शाम से लापता किसान का शव सोमवार सुबह गांव के बाहर पेड़ में गमछे के फंदे से लटकता मिला। परिजनों ने मानसिक बीमारी से परेशान होकर खुदकुशी करने की बात कही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
पचदेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम कौंधी निवासी कालीचरन (65) खेती करता था। रविवार की शाम वह धान की फसल की रखवाली करने की बात कहकर घर से निकला था। देर शाम वह घर वापस नहीं आया। परिजनों ने तलाश शुुरू की। लेकिन कहीं से सुराग नहीं मिला।
सोमवार की सुबह गांव से कुछ दूरी पर स्थित छंगालाल के खेत में खड़े आम के पेड़ में गमछे के फंदे से शव फांसी पर लटका मिला। शौच को गए ग्रामीणों ने शव लटकता देखा। ग्रामीणों के शोर मचाने पर परिजन मौके पर आ गए।
परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। परिजनों ने बताया कि कालीचरन ने मानसिक बीमारी से परेशान होकर जान दी है। मृतक के परिवार में दो पुत्र खुशीराम व सीताराम हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। एसओ रमेश वर्मा ने बताया कि वृद्ध ने खुदकुशी की है। बताया कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।