बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बसहर में बोर्ड परीक्षा में फेल होने से दुखी हाईस्कूल की छात्रा ने शनिवार देर शाम फांसी लगा जान दे दी। उधर पाली थाना क्षेत्र के ग्राम हरलखुदा में फेल होने पर इंटर के छात्र ने खुदकुशी कर ली।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बसहर निवासी कल्पना (17) पुत्री रमेश राजकीय बालिका इंटर कालेज बिलग्राम में कक्षा 10 की छात्रा थी। शनिवार को बोर्ड परीक्षा में फेल होने पर कल्पना गुमसुम होकर कमरे में चली गई। देर शाम तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिजन उसे देखने गए। कमरे में उसका शव मां की साड़ी से बनाए गए फंदे से लटकता देखकर उनके होश उड़ गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मृतका के पिता रमेश दो पुत्रों के साथ दिल्ली में मजदूरी करते हैं। वह रविवार सुबह गांव पहुंचे। रमेश ने बताया कि पिछले साल भी कल्पना फेल हो गई थी। परिजनों ने हिम्मत बंधाकर उसकी हौसलाफजाई की और फिर से दाखिला कराया। क्या पता था कि दोबारा फेल होने से आहत कल्पना ऐसा कदम उठा लेगी। प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
वहीं पाली थाना क्षेत्र के ग्राम हरलखुदा निवासी रजत (20) पुत्र कुलदीप लोनार स्थित राजबहादुर इंटर कालेज का छात्र था। उसने इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी। शनिवार को परीक्षा परिणाम जानने के लिए रजत पाली गया था। फेल होने से वह दुखी था। पाली से वापस आते समय गांव के पास बाग में उसने पेड़ पर गमछे से फांसी लगाकर जान दे दी। रजत के पिता कुलदीप किसान हैं। रजत दो बहनों के बीच अकेला भाई था।