पुलिस हिरासत में आरोपी लेखपाल विनीत यादव। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। बेनीगंज निवासी किसान से शिकायत मिलने के बाद लखनऊ से आई एंटी करप्शन टीम ने सदर तहसील पहुंच कर लेखपाल को दस हजार रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। हिरासत में लेने के बाद टीम उसे शहर कोतवाली ले गई और उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। यह लेखपाल तीन साल पहले भी घूस लेते पकड़ा गया था।
सदर तहसील में तैनात लेखपाल विनीत यादव इन दिनों बेनीगंज क्षेत्र में तैनात है। अन्य गांवों के साथ ही ग्राम अल्हादादपुर भी उसके अधिकार क्षेत्र मेें है। अल्हादादपुर निवासी किसान राजाराम ने लखनऊ स्थित एंटी करप्शन मुख्यालय में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया था कि उनकी भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। भूमि को कब्जा मुक्त कराने के लिए लेखपाल विनीत यादव से संपर्क किया तो उन्होंने इसके लिए 50 हजार रुपये रिश्वत मांगी। बिना रुपये दिए वह कार्य करने को तैयार नहीं है।
मामला संज्ञान में आने के बाद अधिकारियों ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की थी। टीम बुधवार सुबह कलक्ट्रेट पहुंची और दो सरकारी कर्मचारियों को साथ लेने के बाद तहसील पहुंच गई। तहसील में मौजूद लेखपाल ने जैसे ही पीड़ित से रिश्वत के दस हजार रुपये लिए, टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। टीम ने आरोपी लेखपाल विनीत यादव निवासी नेक्सरा कॉलोनी, हरदोई को लेकर कोतवाली पहुंची। टीम के प्रभारी नूरुल हुदा खान ने तहरीर देकर लेखपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है। एसडीएम सदर दीक्षा जैन ने बताया कि एफआईआर की कॉपी मिलने पर लेखपाल का निलंबन आदेश जारी किया जाएगा।
कछौना में भी घूस लेते हुए गिरफ्तार हुआ था आरोपी
हरदोई। आरोपी लेखपाल इससे पहले भी किसान से घूस लेने के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। मामला अक्तूबर 2018 का है। संडीला तहसील के कछौना के ग्राम महरी के मजरा दिबियापुर निवासी बालकराम ने लखनऊ में एंटी करप्शन टीम को शिकायत पत्र में बताया था कि उनकी पट्टे की भूमि पर कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है। लेखपाल विनीत यादव भूमि को कब्जा मुक्त कराने के नाम पर उनसे पांच हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। शिकायत मिलने पर टीम ने लेखपाल को 24 अक्तूबर 2018 को कछौना चौराहा पर घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद लेखपाल को जेल भेज दिया गया था।
इस टीम ने किया गिरफ्तार
हरदोई। लखनऊ से आई भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम निरीक्षक नुरूल हुदा खान की अगुवाई में जनपद पहुंची थी। टीम में संगठन के निरीक्षक संजय यादव, मृृत्युंजय कुमार, मुख्य आरक्षी राजेश प्रताप सिंह व अभिषेक त्रिपाठी समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे। वहीं लोक सेवक के रूप में कलक्ट्रेट के दो कर्मचारी भी मौजूद रहे।