फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

12 दिन से निर्माणाधीन मकान में बंद मवेशी, चारा-पानी की किल्लत

विज्ञापन
कुरौन्धा गांव के निर्माणाधीन मकान में बंद छुट्टा मवेशी। - फोटो : HARDOI
विज्ञापन
भरावन। ब्लॉक के कुरौंधा गांव में 12 दिन से 80 छुट्टा मवेशी निर्माणाधीन मकान में बंद हैं। अधिकारियों द्वारा व्यवस्था के नाम पर सिर्फ खानापूरी की जा रही है। वहीं बेहड़ा, गनेशखेड़ा, मक्काखेड़ा, लालपुर खाले, बेरवा, लोधौरा समेत कई गांवों में छुट्टा मवेशी किसानों की फसल बर्बाद कर रहे हैं।
विज्ञापन

कुरौंधा में बंद मवेशियों के लिए ग्रामीणों ने शुरुआती पांच दिन चारे की व्यवस्था की। इसके बाद ब्लॉक के अधिकारी को बताया कि चारा पानी दे पाने में असमर्थ हैं। जिम्मेदारों ने थोड़े से हिस्से में तिरपाल डलवाकर खानापूरी कर ली। अब 80 मवेशियों के लिए सिर्फ कुछ भूसा ही बचा है। पानी की सुविधा मौके पर नहीं है। लालपुर निवासी भरावन चतुर्थ से जिला पंचायत सदस्य राजेश ने बताया कि ग्रामीणों ने अधिकारियों से कई बार छुट्टा मवेशियों की शिकायत की, लेकिन जवाब न मिलने पर 15 दिन पहले गांव में एक बाड़ा बनाकर छुट्टा मवेशियों को बंद कर दिया। अब तक अफसरों ने यहां मवेशियों के लिए कोई व्यवस्था नहीं की है। गणेश खेड़ा, मक्का खेड़ा, बेरवा, लोधौरा में छुट्टा मवेशियों के आतंक से किसान रतजगा कर रहे हैं। भरावन बीडीओ राजीव पांडेय ने बताया गांवों में छुट्टा मवेशियों के लिए प्रबंध किए जा रहे हैं। प्रधानों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि अलग से कोई बजट नहीं है। अधिकारियों के दबाव में जो व्यवस्था हो पा रही है, वह कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने मवेशियों को स्कूल परिसर में बंद किया
बेहटागोकुल। पहेलिया गांव में खेतों की तरफ सुबह पहुंचे किसानों ने फसल बर्बाद देखी तो उनका गुस्सा भड़क उठा। आसपास मौजूद मवेशियों को स्कूल में बंद कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जबरन स्कूल से मवेशी निकलवा दिए। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ ग्रामीणों की बहस हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन

ब्लॉक बावन के ग्राम पहेलियां के किसान मंगलवार सुबह खेत गए तो फसलें बर्बाद मिलीं। आसपास ही छुट्टा मवेशी घूम रहे थे। इससे किसानों का धैर्य जवाब दे गया। करीब 100 किसानों ने मवेशियों को प्राथमिक विद्यालय में बंद कर दिया। नाराज किसानों जिम्मेदार अधिकारियों को मौके पर बुलाकर मवेशियों को गोशाला में ले जाने की मांग की। सूचना पर बेहटागोकुल थाना प्रभारी ओपी सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मवेशियों को स्कूल से बाहर निकालने के लिए कहा। जब ग्रामीण तैयार नहीं हुए तो पुलिस ने जबरन मवेशियों को बाहर निकलवाया। ग्रामीणों ने पुलिस पर गाली गलौज करने का आरोप लगाया। एसओ ने आरोप को निराधार बताया है। किसान मालिक पंडित, कमलेश चौहान, भोलू सिंह, छोटे चौहान आदि पुलिस की कार्यशैली से नाराज दिखे।
28 बीघा फसल नष्ट
पहेलिया निवासी देवेंद्र सिंह की आठ बीघा, छोटे भैया की दो बीघा, अवधेश की दो बीघा, विनोद पंडित की पांच बीघा, रामसेवक की तीन बीघा, बद्री की पांच बीघा, प्रीतम की तीन बीघा रबी की फसल मवेशियों ने बर्बाद कर दी है। किसानों ने बताया कि ग्राम सभा में करीब 250 मवेशी घूम रहे हैं। मानपुर गांव में 20 जानवरों के लिए गोशाला बन रही है। इससे किसानों का कोई फायदा नहीं होगा।
ग्राम पंचायत विकास अधिकारी शरद सिंह ने बताया अभी फौरी तौर पर सिर्फ 20 गोवंशों को रखने के लिए गोशाला बनाने का निर्देश है। बाकी न्याय पंचायत स्तर पर बड़ी गोशाला बनवाने का प्रयास किया जा रहा है।
मवेशी बंद कर की नारेबाजी
हरदोई। पाली थाना क्षेत्र में ग्रामीण महीनों से फसल बचाने के लिए रतजगा कर रहे है। मंगलवार को बाबरपुर में ग्रामीणों ने फसल बचाने के लिए 94 छुट्टा मवेशियों को खदेड़कर कन्या प्राथमिक स्कूल में बंद कर दिया। बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी डंडे लेकर एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को वापस कर ग्रामीण एसडीएम को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान सांड़ के हमले में गांव निवासी धर्मराज कश्यप घायल हो गए। उन्हें पाली पीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। (संवाद)
मवेशियों को छोड़ने पर होगी कार्रवाई : एसडीएम
भरावन। क्षेत्र में घूम रहे छुट्टा मवेशियों की समस्याओं को लेकर मंगलवार को संडीला एसडीएम देवेंद्र पाल ने ब्लॉक परिसर में समस्त सचिव व प्रधानों के साथ में बैठक की। उन्होंने छुट्टा मवेशियों के लिए उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कहा कि जो लोग पालतू मवेशियों को छुट्टा छोड़ेंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बीडीओ भरावन राजीव पांडेय के निर्देश पर श्यामदासपुर के प्रधान श्रीप्रकाश व कुरौन्ध के प्रधान मीना देवी ने अतरौली थाने पर दो पशुपालकों के विरुद्ध मवेशी छोड़ने की तहरीर दी है। इंस्पेक्टर ब्रजेश मिश्रा ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें