फोटो-2-आर्यावर्त बैंक के बाहर प्रदर्शन करते बैंक कर्मी। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। बैंकिंग कानून संशोधन विधेयक 2021 की वापसी की मांग को लेकर राष्ट्रव्यापी हड़ताल के चलते गुरुवार को जिले की 163 बैंक शाखाओं में ताले लटकते रहे। साथ ही आर्यावर्त ग्रामीण बैंक की 68 शाखाओं में भी काम प्रभावित रहा। हड़ताल से पहले दिन ही करीब 200 करोड़ का लेनदेन प्रभावित हुआ। दूरदराज से आने वाले हजारों ग्राहकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
हड़ताल के पहले दिन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले पदाधिकारियों व बैंक कर्मियों ने स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के सामने एकत्र होकर प्रदर्शन किया। यूनियन चेयरमैन मनोज सिंह व संयोजक आरके पांडेय ने कहा कि बैंकिंग कानून संशोधन विधेयक 2021 को केंद्र सरकार ने संसद के चालू सत्र में पेश करने के लिए सूचीबद्ध किया है। उन्होंने केंद्र सरकार को चेतावनी दी कि यदि यह बिल संसद में पेश होता है तो बैंककर्मी विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चलेे जाएंगे। बैंककर्मी नेता क्षितिज पाठक ने कहा कि यह बिल बैंकों के निजीकरण का रास्ता खोलेगा। बैंक कर्मचारी नेता कमलेश कुमार ने कहा कि सरकारी बैंक दिन-रात एक करके सरकार की योजनाओं को सफल बनाते हैं।
निजी बैंकों का सरकारी योजनाओं में योगदान नगण्य है। हड़ताल के पहले दिन जिले की एक दर्जन पीएसयू बैंकों की करीब 163 बैंक शाखाओं में ताले लटकते रहे। हड़ताल में आर्यावर्त ग्रामीण बैंक की तीन यूनियनों ने भी भागीदारी की। जिले में करीब 200 करोड़ से ऊपर कारोबार के ठप होने का अनुमान है। प्रदर्शन के दौरान बैंक कर्मी नेता वीर बहादुर सिंह, हर्षित गुप्ता, वेद प्रकाश पांडेय, अजय मेहरोत्रा, रवि शुक्ला, अनामिका सिंह, वर्षा मेहरोत्रा, अनुज सिंह, सचिन श्रीवास्तव आदि लोग मौजूद रहे।
हरदोई। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के संयोजक आरके पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को हड़ताली बैंककर्मी बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा रेलवेगंज में सुबह 10 बजे एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
बैंकों में हड़ताल का बोझ एटीएम बूथों पर पड़ा। हालत ये रही कि कई तो सुबह ही खाली मिले तो वहीं कई एटीएम पर दोपहर तक लंबी-लंबी लाइनें लगी रहीं। दोपहर बाद इन एटीएम से भी पैसा निकलना बंद हो गया।
फोटो-3-स्टेट बैंक एटीएम के बाहर लगी लाइन। संवाद- फोटो : HARDOI