चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप
- फोटो : अमर उजाला
किठौर रोड स्थित एक कोल्ड स्टोरेज और आईस फैक्ट्री का कनेक्शन काटकर मीटर उतारने के मामले में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने निगम के अफसरों पर चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने डीएम को ज्ञापन देकर मामले की जांच कराकर जल्द कनेक्शन जुड़वाने की मांग की है। बिजली निगम की टीम ने मंगलवार दोपहर को किठौर रोड स्थित शिवम कोल्ड स्टोरेज एंड आईस प्लांट पर छापा मारकर दोनों मीटरों को उतार लिया था।
इस मामले को लेकर आईआईए के पदाधिकारियों और सदस्यों में रोष है। उनका कहना है कि निगम के अफसर केवल उद्यमियों का उत्पीड़न करने के लिए यह कार्रवाई कर रहे हैं। इस मामले में आईआईए के चैप्टर चेयरमैन अमन गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल जिलाधिकारी अनिल ढींगरा से मिला।
गुप्ता ने बताया कि अगर मीटरों में कोई गड़बड़ी थी तो बिजली निगम ने सब मीटर क्यों नहीं लगाया। मीटर उतराने पर उद्यमी को उसकी रिपोर्ट भरकर नहीं दी गई। मीटर को मौके पर सील नहीं किया गया,
जबकि चार घंटे बाद अधिशासी अभियंता के कमरे में मीटर को सील किया गया है और उस पर टाइम भी अंकित नहीं किया गया है। प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों ने बताया कि उनका उपभोक्ता 6.75 लाख रुपये माह का बिल दे रहा है।
24 घंटे भी 350 हार्सपावर लोड चलाने पर भी इतना बिल नहीं आएगा, लेकिन बिजली निगम के अफसर अवैध वसूली के कारण उत्पीड़न कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कोल्डस्टोरेज में करीब 1200 किसानों का 20 करोड़ का आलू रखा है।
यदि कनेक्शन नहीं जुड़ा तो आलू खराब हो जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कनेक्शन चालू न हुआ तो आंदोलन होगा। इस संबंध में कोल्डस्टोरेज के डायरेक्टर वाईके त्यागी की ओर से भी ज्ञापन डीएम को सौंपा गया है।