शहीद चौधरी जबरदस्त खां के शहीद स्मारक का सौंदर्यीकरण
- फोटो : अमर उजाला
सिकंदरगेट स्थित शहीद चौधरी जबरदस्त खां के शहीद स्मारक का पालिका जल्द सौंदर्यीकरण कराएगी। करीब 5.12 लाख रुपये की लागत से यह काम होगा। पालिका ने इस कार्य के लिए सभी औपचारिकता निभाते हुए टेंडर निकाल दिए हैं।
10 मई 1857 को प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में चर्बी लगे कारतूसों को आधार बनाकर विद्रोह की आग सुलगाने में मेरठ छावनी के 85 सैनिकों का भी महत्वपूर्ण योगदान था। ये सभी क्रांतिकारी सैनिक मेरठ कमिश्नरी क्षेत्र के निवासी थे।
इनमें एक वीर सैनिक हापुड़ के मोहल्ला भंडा पट्टी निवासी चौधरी जबरदस्त खां थे। अंग्रेजों ने बाद में जबरदस्त खां और उनके भाई को झूठे मुकदमे में फंसा कर फांसी दे दी थी। चौधरी जबरदस्त खां का शहीद स्मारक सिकंदर गेट पर बना है।
यहां प्रति वर्ष 10 मई को मोमबत्ती जलाकर शहरवासी शहीदों को श्रद्धांजलि देते हैं। नगर पालिका परिषद इस स्मारक का5.12 लाख रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण कराएगी।
पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय मिश्रा ने बताया कि इस कार्य से लिए टेंडर निकाल दिए गए हैं और प्रयास रहेगा कि टेंडर होने के एक माह के अंदर यह कार्य पूरा हो सके।