पिलखुवा। दिनेश नगर आवासीय कॉलोनी से कक्षा सात की छात्रा को चॉकलेट दिलाने के बहाने अपहरण का प्रयास करने के मामले में पुलिस 48 घंटे बाद भी खाली हाथ है। घटना के बाद से छात्रा का परिवार दहशत में है। हालांकि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार की तलाश शुरू कर दी है।
बृहस्पतिवार की शाम को पबला रोड स्थित दिनेश नगर आवासीय कॉलोनी के अंदर से कार सवार युवक ने कक्षा सात की छात्रा को चॉकलेट दिलाने के बहाने अपहरण करने का प्रयास किया था। शुक्रवार को छात्रा के पिता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार कार गाजियाबाद नंबर की है, रजिस्ट्रेशन मोदी नगर निवासी एक व्यक्ति के नाम है। लेकिन इसके बावजूद भी 48 घंटे बाद भी पुलिस आरोपी को नहीं पकड़ सकी है।
इस मामले में सुरक्षा गार्डों की लापरवाही भी सामने आई है। बिना जांच किए कार कॉलोनी में दाखिल हो गई। कॉलोनी निवासी अशोक शर्मा ने दिनेश नगर ऑनर अपार्टमेंट एसोसिएशन अध्यक्ष से सिक्योरिटी एजेंसी का टेंडर निरस्त कर दूसरी सुरक्षा एजेंसी को नियुक्त करने की मांग की है। एसोसिएशन के अध्यक्ष श्रीनिवास चौधरी ने सिक्योरिटी एजेंसी संचालक और घटना के समय डयूटी पर तैनात सुरक्षा गार्डों से स्पष्टीकरण मांगा है। घटना के बाद से कॉलोनी वासियों में रोष है। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि अधिकांश पुलिस चुनाव में बाहर गई है, फोर्स की कर्मी के कारण घटना के खुलासे में देरी हो रही है। कार का रजिस्ट्रेशन मोदीनगर निवासी व्यक्ति के नाम है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।