हापुड़। जिले में स्कूल वाहनों की बात छोड़ो एंबुलेंस भी बिना फिटनेस दौड़ रही है। कुल पंजीकृत 51 में से 15 एंबुलेंस की फिटनेस नहीं हुई है। परिवहन विभाग एंबुलेंस मालिकों को नोटिस जारी किए हैं। एक सप्ताह में मानक पूरे न करने पर इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिले में परिवहन विभाग में कुल 51 छोटी-बड़ी एंबुलेंस पंजीकृत हैं। ये एंबुलेंस मानक पूरे कर रही हैं या नहीं यह अलग बात है, लेकिन इनमें से 15 की फिटनेस ही नहीं है। मरीजों की जान जोखिम में डालकर सड़कों पर दौड़ रही हैं। परिवहन विभाग ने मरीजों की सुरक्षा को लेकर एंबुलेंस की जांच की तो इनकी सच्चाई सामने आई। परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों को नोटिस भेजकर एक सप्ताह के अंदर फिटनेस व अन्य मानक पूरा करने का समय दिया है। अगर इसके बाद भी वाहन दौड़ते मिले तो इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एआरटीओ प्रशासन छवि सिंह का कहना है कि मरीजों की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। बिना फिटनेस एंबुलेंस के साथ अन्य वाहनों का संचालन भी नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए जल्द अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।