टोल प्लाजा पर 20 मिनट तक वाहनों का लगा जाम, यात्री रहे परेशान
पिलखुवा। छिजारसी टोल प्लाजा पर शुक्रवार दोपहर करीब 20 मिनट तक वाहनों का जाम लग गया। एक चालक द्वारा टोल शुल्क नहीं देने के कारण प्लाजा पर वाहनों का जाम लगा। शुल्क नहीं देने को लेकर चालक और टोल कर्मियों के बीच जमकर कहासुनी भी हुई। इस बीच मौके पर मुसाफिरों और अन्य वाहन चालकों की भीड़ एकत्र हो गई। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंच मामला समझा बुझाकर शांत कराया।
दिल्ली निवासी एक व्यक्ति रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए परिवार सदस्यों के साथ जा रहा है। उसकी गाड़ी पर फास्टैग लगा था। कार चालक का कहना है कि उसका फास्टैग चालू है और उसमें छह सौ से अधिक रुपये उपलब्ध है। टोल कर्मियों का कहना है कि गाड़ी पर लगा फास्टैग ब्लैकलिस्ट है, मशीन उसे पकड़ नहीं रही है। दोनों की बीच कॉफी देर तक जमकर कहासुनी हुई। इस बीच गाजियाबाद से हापुड़ की ओर जाने वाली सभी लेनों में वाहनों का जाम लग गया। मौके पर भीड़ एकत्र हो गई।
छिजारसी टोल प्लाजा के प्रबंधक धीरेंद्र सिह ने बताया कि कार चालक द्वारा फास्टैग को टोल प्लाजा पर पहुंचने पर ही रिचार्ज किया गया था। फास्टैग रिचार्ज होने से पहले ब्लैक लिस्ट की श्रेणी में पहुंच गया था। ब्लैकलिस्ट फास्टैग रिचार्ज होने के करीब 40 मिनट बाद ब्लैकलिस्ट से बाहर आकर एक्टिव होता है। इसी के चलते कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बनी थी, बाद में कर्मियों ने भाग-दौड़कर सुचारू कर दी थी।