कूड़ा निस्तारण प्लांट में लगा कूड़ा का ढेर।
- फोटो : PILAKHWA
3.5 लाख का बिल न चुकाने पर कूड़ा निस्तारण सयंत्र 3 महीने से बंद
पिलखुवा। मुकीमपुर कूड़ा निस्तारण प्लांट 3.5 लाख रुपये का बिजली का बिल न चुका पाने की वजह से तीन महीने से बंद है। ऊर्जा निगम ने कनेक्शन काट दिया है और सयंत्र के परिसर में कूड़े का ढेर लगा है। पालिका के अधिशासी अधिकारी ने सयंत्र संचालकों को नोटिस भेजा है।
मुकीमपुर के सयंत्र में कूड़े का निस्तारण कर जैविक खाद बनाया जाता है। यहां पांच मेगावाट बिजली के उत्पादन की भी योजना है। लेकिन बिजली का बिल जमा न होने की वजह से कूड़ा निस्तारण भी नहीं हो पा रहा है। यहां कूृड़े के ढेर से उठती बदबू की वजह से लोगों का निकलना तक दूभर हो गया है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया हैं। बीमारी फैलने का खतरा बना है। उधर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विकास सेन ने कहा कि कंपनी को नोटिस भेजकर तीन दिन में प्लांट न चलाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। उधर ऊर्जा निगम के एक्सईएन भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि 3.5 लाख बकाया चुकाने के बाद ही प्लांट का बिजली कनेक्शन जोड़ा जाएंगा।