ट्रेनों पर अग्निपथ का असर, हापुड़ स्टेशन रुकने वाली पांच ट्रेनें रद्द
हापुड़। अग्निपथ योजना के विरोध में जगह-जगह हो रहे विरोध प्रदर्शन का असर अब हापुड़ रेल मार्ग पर भी पड़ना शुरू हो गया है। शनिवार को हापुड़ रेलवे स्टेशन पर ठहरने वाली पांच एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। जबकि एक ट्रेन दस घंटे की देरी से रेलवे स्टेशन पहुंची। ऐसे में यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
रेलवे के अधिकारियों की मानें तो यदि प्रदर्शन नहीं रुकता है तो कुछ दिनों तक के लिए कई ट्रेनें और रद्द हो सकती हैं। शनिवार को ट्रेन संख्या 12204 अमृतसर वाया हापुड़ से सहरसा जाने वाली गरीब रथ, ट्रेन संख्या 14007 रक्सौल वाया हापुड़ से आनंद विहार जाने वाली रक्सौल एक्सप्रेस ट्रेन,ट्रेन संख्या 15274 आनंद विहार वाया हापुड़ से रक्सौल तक जाने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 13430 आनंद विहार वाया हापुड़ से मालदा टाउन जाने वाली मालदा टाउन एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 15909 डिब्रुगढ़ वाया हापुड़ से लालगढ़ जाने वाली अवध-असम को रद्द कर दिया गया। पांच एक्सप्रेस ट्रेन रद्द होने के कारण हापुड़ रेलवे स्टेशन से करीब 66 यात्रियों के टिकट निरस्त किए गए। ऐसे में जरूरी कार्य से जाने वाले यात्रियों को अन्य संसाधनों से अपने गंतव्य तक जाना पड़ा।
मुख्य वाणिज्य निरीक्षक एचसी मीना ने बताया कि अग्निपथ योजना के विरोध के चलते हापुड़ रेलवे स्टेशन पर रुकने वाली पांच ट्रेनों को रद्द किया गया है। इसके अलावा सद्भावना एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से करीब छह घंटे देरी से रेलवे स्टेशन पर पहुंची। यात्रियों को किसी प्रकार की रेलवे स्टेशन पर परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इंतजार कक्ष में सभी तैयारी की गई हैं।