नतीजों में इस बार भी बेटियों का दबदबा
हापुड़। यूपी बोर्ड परीक्षाओं में बेटियों ने उत्तीर्ण होने के मामले में बेटों को पीछे छोड़ दिया है। हाईस्कूल में 96.29 बेटियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की, जबकि इस कक्षा में महज 87.67 फीसदी छात्र की परीक्षा पास कर पाए। इंटरमीडिएट में भी बालिकाओं का रिजल्ट 93.32 फीसदी रहा, इस कक्षा में 84.42 फीसदी बालक ही उत्तीर्ण हुए।
शैक्षिक सत्र 2021-22 में हाईस्कूल में 7931 छात्र और 6277 छात्राएं पंजीकृत थे। इसमें 7421 छात्र और 6071 छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। 6506 छात्र उत्तीर्ण हुए, जबकि 5846 बालिकाओं ने भी परीक्षा पास की। इसी तरह इंटरमीडिएट में 7407 छात्र और 5747 छात्राएं पंजीकृत थी। इसमें 7133 छात्र और 5584 बालिकाएं परीक्षा में शामिल हुए। 6022 छात्रों ने परीक्षा उत्तीर्ण की, 5211 छात्राओं ने बाजी मारी।
कुल मिलाकर हाईस्कूल में 96.29 फीसदी बालिका और 87.67 छात्रों ने परीक्षा उत्तीर्ण की। इंटरमीडिएट में 93.32 फीसदी बालिकाओं और 84.42 फीसदी बालकों ने परीक्षा में परचम लहराया।
वहीं, हाईस्कूल में जिले की बेटी तुषा तोमर ने पहला स्थान प्राप्त कर बालिकाओं का मान बढ़ाया। इस कक्षा की टॉप टेन में सात बालिका और सात बालक शामिल रहे। वहीं, इंटरमीडिएट में छात्रों का दबदबा रहा। शुरूआत के चार पायदान पर बेटे ही रहे, टॉप टेन में 10 बेटे और दो बेटियां शामिल हुए।