सीएमओ ने किया चार सीएचसी अधीक्षकों का तबादला
हापुड़। सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कार्रवाई शुरू हो गई है। सीएमओ ने सोमवार को चार सीएचसी अधीक्षकों के तबादले कर दिए हैं। इससे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का दावा किया जा रहा है। लेकिन चिकित्सकों की कमी को अधिकारी आज तक पूरा नहीं कर पाए हैं, हापुड़ सीएचसी को छह महीने से सर्जन और हड्डी रोग विशेषज्ञ की तैनाती का इंतजार हैं।
सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति जग जाहिर है। मरीजों को बेहतर उपचार के लिए भटकना ही पड़ता है। हापुड़ को जिला बने दस साल बीत गए हैं, लेकिन अभी तक अस्पतालों में पर्याप्त मशीनें तक उपलब्ध नहीं हैं। हापुड़ की गढ़ रोड सीएचसी में सबसे अधिक ओपीडी है, फिर भी यहां चिकित्सकों की नियुक्ति पर्याप्त संख्या में नहीं हो सकी है।
सीएमओ द्वारा अब चार सीएचसी के अधीक्षकों के तबादले कर दिए गए हैं, तत्काल प्रभाव से नई सीएचसी में भार ग्रहण करने के आदेश मिले हैं। आदेश के अनुसार हापुड़ सीएचसी से अधीक्षक डॉ दिनेश खत्री को धौलाना सीएचसी, धौलाना सीएचसी से डॉ राकेश कुमार को हापुड़ सीएचसी, गढ़ सीएचसी से डॉ दिनेश भारती को सिखैड़ा सीएचसी, सिखैड़ा सीएचसी से डॉ आनंदमणी को गढ़ सीएचसी का अधीक्षक बनाया गया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ रेखा शर्मा ने बताया कि स्थानांतरण की प्रक्रिया नियमित है, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसमें सभी को सहयोग देना होगा।