दूसरे दिन भी नहीं हुआ नामांकन, 14 ने लिए पर्चे
हापुड़। विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन भी जिले से किसी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया। सुबह से अधिकारी यहां तैनात रहे। हालांकि उम्मीदवार नामांकन पत्र खरीदने के लिए कलक्ट्रेट जरूर पहुंचे। इस दौरान आरओ-एआरओ ने 14 नामांकन पत्रों की बिक्री की। इस दौरान कलक्ट्रेट में चाकचौबंद व्यवस्था रही।
जिले की हापुड़, धौलाना और गढ़ विधानसभा सीटों के लिए 14 जनवरी से चुनाव प्रक्रिया चल रही है। जिले में तीनों विधानसभा सीटों से अधिकतर प्रत्याशियों की घोषणा हो चुकी है। केवल गढ़ से सपा रालोद गठबंधन और कांग्रेस से हापुड़ और धौलाना में टिकट की घोषणा बाकी है। ऐसे में उम्मीद थी कि शनिवार को यहां नामांकन हो सकता है। लेकिन पहले दिन शनिवार को भी दूसरे दिन भी किसी दल या निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया। हालांकि कुछ उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र जरूर खरीदे। नामांकन को लेकर कलक्ट्रेट में शनिवार को भी चाकचौबंद व्यवस्था रही। कलक्ट्रेट के प्रवेश द्वार से लेकर आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
कोट-
अपर जिलाधिकारी श्रद्धा शांडिल्ययान ने बताया कि दूसरे दिन कुल 14 नामांकन पत्र बिके। इसमें 9 धौलाना और 5 गढ़मुक्तेश्वर के उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदे। जबकि हापुड़ से किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन पत्र नहीं खरीदा। शुक्रवार को 23 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई थी।