स्वर्ग आश्रम रोड स्थित बैंक ऑफ़ बड़ौदा के बाहर बारिश में खड़े लोग संवाद
- फोटो : HAPUR
बैंक ने बाहर रोका, बारिश में भीगे ग्राहक
हापुड़। कोरोना महामारी की गाइडलाइन का हवाला देकर स्वर्ग आश्रम रोड स्थित बैंक में ग्राहकों को अंदर आने से रोक दिया गया। बाहर बैठने की जगह नहीं होने के कारण ग्राहक बारिश में भीगते रहे।
बैंकों से जुड़े ग्राहक पैसों के लेनदेन को लेकर सुबह 10 बजे से ही अपनी शाखा में पहुंच जाते हैं। इन दिनों ओमिक्रॉन का खतरा बढ़ रहा है, बैंक के अंदर सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए कम संख्या में ग्राहकों को अंदर बुलाया जाता है। लेकिन बाहर रुकने की कोई व्यवस्था नहीं होती।
मंगलवार को स्वर्ग आश्रम रोड स्थित एक बैंक की शाखा के बाहर बड़ी संख्या में लोग खड़े हुए थे। इस बीच बारिश शुरू हो गई, लोगों ने अंदर जाने का प्रयास किया तो बैंक कर्मियों ने उन्हें अंदर नहीं आने दिया। इस दौरान छोटे बच्चे समेत उनके अभिभावक बारिश में भीगते रहे। मजे की बात यह है कि बैंक के बाहर बारिश से बचने के लिए भी कोई उपाय नहीं थे, ऐसे में सड़क किनारे बैठकर ही लोगों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
ग्राहक नहीं होंगे परेशान
कोरोना महामारी में सोशल डिस्टेंसिंग का हर किसी को पालन करना चाहिए। लेकिन ग्राहकों को इस तरह परेशान नहीं होने दिया जाएगा। इस संबंध में प्रबंधक से जानकारी मांगी गई है। - आशुतोष पांडेय, एलडीएम।