सपनावत में चाकू से गोदकर युवक की हत्या
धौलाना। धारदार हथियार से गला काटकर मंगलवार रात सपनावत निवासी युवक की हत्या कर दी गई। उसका शव बुधवार सुबह नारायणपुर मैढैया-मिलक मार्ग पर धान के पुआल में पड़ा मिला। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने पहले धौलाना थाने, फिर सपनावत गांव में धौलाना -गुलावठी रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस के काफी समझाने पर ग्रामीण माने। पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है।
गांव सपनावत निवासी केशव (18) के पास मंगलवार रात नौ बजे फोन आया था। इसके बाद उसने पिता सुधीर से पिलखुवा में नौकरी लगने की बात कही और घर से निकल गया। देर रात उसका फोन बंद हो गया। बुधवार सुबह पुआल में उसका शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के मौके पर पहुंचने से पहले ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद थाने पहुंचे परिजन और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। थाने के बाद ग्रामीण सपनावत पहुंचे और वहां जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस ने शव को ग्रामीणों को नहीं देखने दिया। जाम के दौरान मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ. तेजवीर सिंह ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच कई बार कहासुनी और धक्कामुक्की भी हुईं। पुलिस ने ग्रामीणों एवं परिजनों को भरोसा दिलाया कि हत्यारोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। करीब डेढ़ घंटे तक ग्रामीणों ने जाम लगाए रखा। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सीओ डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि मृतक के गर्दन पर धारदार हथियार के निशान हैं। चेहरे को नुकीली वस्तु से गोदा गया है। मौके से मृतक का इयरफोन बरामद हुआ है, जबकि मोबाइल फोन नहीं मिला। पुलिस को कुछ साक्ष्य भी मिले हैं। कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मां और भाई-बहन हुए बेहाल
केशव के पिता सुधीर ट्रक चालक हैं। केशव 12वी में उत्तीर्ण होने के बाद फौज की तैयारी कर रहा था। छोटी दीपावली पर बेटे की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। जवान बेटे का शव को सुधीर भी फूट-फूटकर रो रहे थे। मां पूूनम देवी, छोटी बहन मोहिनी, राधा और भाई प्रियांश का भी हाल बेहाल था।