धौलाना में बुखार से 13 वर्षीय बच्चे की मौत
धौलाना/हापुड़। धौलाना निवासी 13 वर्षीय बच्चे की मंगलवार को मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई। इकलौती संतान के निधन से परिजनों में कोहराम मच गया। तीन दिन में धौलाना क्षेत्र में बुखार से यह दूसरी मौत है। स्वास्थ्य विभाग टीम भेजकर जांच का दावा कर रहा है।
धौलाना के मोहल्ला अंसारियान निवासी मसूद अंसारी के 13 वर्षीय पुत्र सऊद को दो दिन पहले बुखार हुआ था। गुलावठी में उसका उपचार चल रहा था, जहां से हालत बिगड़ने पर उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि बच्चे की ब्लड प्लेटलेट्स 30 हजार ही रह गई थी। चिकित्सकों ने डेंगू होने की बात कही थी। हालांकि इसकी रिपोर्ट नहीं मिली।
मृतक बच्चे की मां को भी तेज बुखार है। तीन दिन में यह दूसरी मौत है। इससे पहले छोटा मोहल्ला निवासी एक 20 वर्षीय युवती की भी मौत हो गई थी। पूरा क्षेत्र बुखार के प्रकोप से जूझ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अफसर अब परिजनों की जांच कराने की बात कह रहे हैं। गमगीन माहौल में बच्चे के शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया गया। बताया गया कि
- मौत की जानकारी नहीं, कराएंगे जांच
बुखार से मौत की फिलहाल जानकारी नहीं है। टीम को भेजकर जांच कराई जाएगी। बुखार से पीड़ित मरीजों के सैंपल लेकर दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। - डॉ. राकेश, सीएचसी अधीक्षक।
-------
- साफ सफाई न होने से बढ़ रहे मच्छर
धौलाना क्षेत्र के लोगों ने बताया कि गंदगी और जलभराव से मच्छरों का प्रकोप अधिक बढ़ा है। बुखार से हर घर में मरीज पीड़ित हैं। स्वास्थ्य विभाग जागरूकता और जांच कैंप नहीं लगवाए जाते।
- मौत के बाद भी नहीं कराई फॉगिंग
धौलाना क्षेत्र में बुखार से दूसरी मौत हो गई है। दोनों ही मामलों में मरीजों की ब्लड प्लेटलेट्स कम हुईं। चिकित्सकों ने डेंगू बताया, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने रिपोर्ट नहीं मिलने के कारण डेंगू से मौत नहीं होने की बात कह दी। मामला गंभीर है, फिर भी इन क्षेत्रों में फॉगिंग नहीं कराई गई है।
---
- डेंगू के दो नए मामले मिले
जिले में मंगलवार को डेंगू के दो नए मामले मिले। इन मरीजों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मरीजों की संख्या बढ़कर अब 77 पहुंच गई है। टाइफायइड, वायरल का प्रकोप भी बढ़ रहा है।